गुरुवार, 6 मार्च 2014

करियर बदलने से पहले अच्छी तरह सोच लें



किसी भी करियर में बहुत आगे बढ़ने के बाद कई युवा करियर बदलने करने की इच्छा रखते हैं। वे एक तरह की जिंदगी से कुछ अलग करना चाहते हैं जो उनके दिल को पसंद हो। इस प्रकार से करियर बदलने में न केवल जोखिम रहता है बल्कि यह करियर का एक ऐसा मोड़ रहता है, जहां से आप पर आर्थिक रूप से बहुत बोझ भी रहता है।
ऐसे में अगर आप बदलाव कर रहे हैं तो इन बातों का जरूर खयाल रखें। ऐसा न हो कि महज बदलाव के लिए आप करियर बदल लें और आपको बाद में अपने इस फैसले पर पछताना पड़े।
पैसा सब कुछ नहीं करियर में बदलाव करते समय अगर आप यह सोचते हैं कि जो काम वर्तमान में कर रहे हैं उसमें पैसा कम है और करियर बदलने के बाद ज्यादा पैसा मिल जाएगा तो आप गलत दिशा में सोच रहे हैं। प्रत्येक करियर में अलग-अलग तरह की प्रक्रियाएं रहती हैं आगे बढ़ने के लिए। इस कारण पैसे को ही देखकर करियर शिफ्ट न करें।
किसी और ने किया इसलिए आप भी करें यह अक्सर देखा गया है कि कोई व्यक्ति लगातार पांच-आठ वर्षो तक एक ही कंपनी में कार्य कर रहा है और कंपनी में काम करने वाले उसके एक साथी ने करियर शिफ्ट किया क्योंकि उसे मीडिया में काम करने की इच्छा थी। साथी ने करियर शिफ्ट किया है इसलिए आप भी करें यह जरूरी नहीं। आप अपनी सहूलियत देखें।
अपनी क्षमता को पहचानें कई बार युवा साथी जोश में आकर करियर शिफ्ट करने के बारे में विचार करते हैं और उस पर अमल भी करते हैं। जब वे दूसरे करियर के लिए काम करने जाते हैं तो असहज महसूस करते हैं। यह इस कारण भी होता है क्योंकि आप अपनी क्षमता से परिचित नहीं हैं।
करियर बदलने के पहले इस ओर जरूर ध्यान दें कि क्या वाकई आपमें उतनी क्षमता है। किसी विकल्प का चयन मात्र इसलिए न करें क्योंकि वह आपके लिए अंतिम विकल्प है। यदि आप इस संबंध में किसी उलझन में हैं तो खुद का आंकलन पहले करें।
नई डिग्री लें या नहीं युवा साथी पांच वर्ष के करियर के बाद अपने पसंद के करियर को अपनाने के लिए नई डिग्री लेने के लिए भी तैयार हो जाते हैं। पर इस बात का ध्यान दें कि आप पांच वर्षो बाद पुन: पढ़ाई करने जा रहे हैं। डिग्री आपके लिए फायदेमंद भी साबित हो सकती है और नुकसान भी हो सकता है क्योंकि आप डिग्री प्राप्त करने के लिए अलग ध्यान लगा रहे हैं और वर्तमान में जो काम कर रहे हैं उस पर आपका ध्यान नहीं होता। ऐसे में आप न इधर के रहते हैं न उधर के। करियर में बदलाव संबंधी फैसले अपने आप न करें बल्कि अपने परिवार के सदस्यों और दोस्तों से बात करें। हो सकता है आपकी इस समस्या में वे आपको बेहतर विकल्प दें।
यदि आपके पास Hindi में कोई article, inspirational story या जानकारी है जो आप हमारे साथ share करनाचाहते हैं तो कृपया उसे अपनी फोटो के साथ E-mail करें. हमारी Id है:facingverity@gmail.com.पसंद आने पर हम उसे आपके नाम और फोटो के साथ यहाँ PUBLISH करेंगे. Thanks!
Source – KalpatruExpress News Papper

मां के आहार से तय होता है बच्चे का मोटापा!


न्यूयार्क। गर्भावस्था के दौरान ज्यादा चिकनाई वाला भोजन शिशु के विकसित होते मस्तिष्क में बदलाव ला सकता है और यह बाद में मोटापे की संभावनाओं को बढ़ाता है। यह जानकारी जानवरों पर हुए ताजा अध्ययन में सामने आई है।
अमेरिका के येल स्कूल ऑफ मेडिसिन के शोधकर्ताओं ने बताया कि आहार चूहों के मस्तिष्क की संरचना को बदल सकता है। इन शोधकर्ताओं का मानना है कि इससे मोटे माता-पिता के बच्चों के मोटे होने की संभावना ज्यादा हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह शोध महत्त्वपूर्ण है, लेकिन मनुष्यों में होने वाले मस्तिष्क संबंधी परिवर्तनों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। ऐसा माना जा रहा है कि मोटापे का असर पूरे परिवार पर हो सकता है और खान-पान की साझ आदतें इसका एक महत्त्वपूर्ण कारण हैं।
हालांकि इस बात के सबूत मौजूद हैं कि गर्भावस्था के दौरान खान-पान से भविष्य में बच्चों के वजन पर असर हो सकता है, ऐसा डीएनए में होने वाले परिवर्तन से संभव है। इस क्षेत्र में ताजा और शुरुआती अध्ययन जर्नल सेल में प्रकाशित हुआ, जो दिखाता है कि मस्तिष्क की संरचना भी बदल सकती है। चूहों पर किए गए शोध से पता चला कि ज्यादा वसा वाले भोजन का सेवन करने वाली चुहिया के बच्चों के हाइपोथैलेमस में परिवर्तन देखा गया।
हाइपोथैलेमस मस्तिष्क का वह महत्त्वपूर्ण हिस्सा है, जो मेटाबॉलिज्म को नियंत्रित करता है। सामान्य आहार लेने वाली चुहिया के बच्चों की तुलना में ज्यादा चिकनाई लेने वाली चुहिया के बच्चों के मोटे होने और टाइप-2 मधुमेह से ग्रस्त होने की संभावना ज्यादा थी।
येल के एक शोधकर्ता प्रोफेसर टॉमस होव्र्थ ने बताया, यह बच्चे के लिए एक संकेत हो सकता है कि वह ज्यादा वृद्धि कर सकता है क्योंकि पर्यावरण में आहार पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा, हम निश्चित तौर पर मानते हैं कि यह आधारभूत जैविक प्रक्रियाएं हैं, जिनका असर इंसानों पर भी होता है। इनसे पता चल सकता है कि बच्चे आखिर मोटे कैसे होते हैं।
प्रोफेसर टॉमस होव्र्थ के मुताबिक गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार लेना मोटे माता-पिता के मोटे बच्चे होने के चक्र को तोड़ सकता है।
अध्ययन के निष्कर्षो के बारे में साउथैंपटन यूनिवर्सिटी के डॉक्टर ग्राहम बर्ज ने कहा, पिछले बीस साल के शोध दिखाते हैं कि जीवन के शुरुआती दिनों के पोषण का दिल की बीमारियों, मोटापे, ऑस्टिओपोरोसिस और कुछ कैंसर पर काफी गहरा असर पड़ता है।
उन्होंने कहा, यह एक दिलचस्प तकनीकी विकास है, जो दिखाता है कि न्यूरोलॉजिकल सर्किट में बदलाव हो रहा है, इससे पहले कभी ऐसा नहीं दिखा था।
उनका कहना है कि यह सिद्धांत आंकड़ों के साथ सटीक बैठता है लेकिन चूहों और इंसानों में चिकनाई को पचाने के तरीके में अंतर है, इसलिए मुमकिन है कि यही बात गर्भवती महिला पर न लागू हो। वह माता-पिता को सलाह देते हैं, स्वस्थ और संतुलित आहार लीजिए और ध्यान रखिए कि आपके बच्चे का आहार भी संतुलित हो।

यदि आपके पास Hindi में कोई article, inspirational story या जानकारी है जो आप हमारे साथ share करनाचाहते हैं तो कृपया उसे अपनी फोटो के साथ E-mail करें. हमारी Id है:facingverity@gmail.com.पसंद आने पर हम उसे आपके नाम और फोटो के साथ यहाँ PUBLISH करेंगे. Thanks!
Source – KalpatruExpress News Papper

इंजीनियरिंग के बाद क्यों करें एमबीए




आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल लकीर का फकीर बनकर नहीं रहा जा सकता है। पुराने समय की बात और थी जब ज्यादा प्रतियोगिता ज्यादा कठिन नहीं हुआ करती थी और मैनेजमेंट कैडर तक जाना आसान हुआ करता था। आज के बदलते परिदृश्य को देखते हुए केवल इंजीनियरिंग की डिग्री के सहारे ही अपने कार्यक्षेत्र में सफलता पाना आसान नहीं है। इंजीनियरिंग के बाद मैनेजमेंट की डिग्री पाने का खयाल बहुत कम लोगो को आता है, पर ये वो लोग हैं, जो कम समय में ज्यादा पाने की इच्छा रखते हैं तथा अपने कार्यक्षेत्र में मैनेजमेंट कैडर तक बहुत ही जल्दी पहुंचना चाहते हैं। कहते हैं, परिवर्तन ही प्रकृति का नियम है और आज के दौर में लोगों में अधिकाधिक डिग्री बटोरने का चलन बढ़ गया है। वे करियर को शीघ्र ही बुलंदियों तक पहुंचना चाहते हैं।
ऐसे लोग बहुत कम होते हैं पर यह भी सत्य है की कम समय में अधिक सफलता भी कम लोगों को ही मिलती है।
क्या आप जानते है की आईआईटी जैसे शीर्ष प्रतिष्ठित संस्थानों से इंजीनियरिंग की डिग्री पाने वाले कैंपस प्लेसमेंट के लुभावने ऑफर को ठुकराकर एमबीए में एडमिशन पाने को ज्यादा समझदारी मानने लगे हैं। एक दूसरा कड़वा सच यह है कि आईआईएम या अन्य प्रतिष्ठित एमबीए संस्थानों में एडमिशन पाने वालों में 67 प्रतिशत से अधिक अच्छे कालेजों से निकले इंजीनियर होते है। आखिर ऐसा क्यों हो रहा है? इसका सीधा व सरल-सा जबाब है कि किसी भी इंजीनियर को तरक्की पाकर मैनेजमेंट कैडर तक पहुंचने में लम्बा समय लगता है, जबकि साथ में यदि एमबीए की डिग्री है तो जूनियर मैनेजमेंट कैडर से ही शुरुआत करने का मौका मिल जाता है। इस प्रकार कम समय में मैनेजमेंट के शीर्ष पद पर पहुंचना आसान हो जाता है।
तकनीकी रूप से सक्षम लोगों की उपयोगिता निरंतर बढ़ती जा रही है। कोई भी ग्राहक किसी सेल्समैन से तब ज्यादा संतुष्ट होता है, जब वह प्रोडक्ट की जानकारी के साथ उसके तकनीकी पहलुओं को भी समझता है। अत: इंजीनियरिंग बैकग्राउंड बाले एमबीए डिग्री धारकों की सेवाएं मार्केटिंग में लेने से ज्यादा बेहतर नतीजे आते हैं। साथ ही साथ ऐसे लोगों को प्रोडक्शन से जुड़े लोग गलत जानकारी देकर गुमराह भी नहीं कर सकते तथा ऐसे लोग मैनेजमेंट के निर्णय ज्यादा आसानी से व बेहतर तरीके से ले सकते हैं।
भारत की सरपट दौड़ती अर्थव्यवस्था को अभी भी काबिल इंजीनियरिंग बैकग्राउंड वाले एमबीए डिग्री धारकों की आवश्यकता है। इसलिए यह और भी आवश्यक हो जाता है कि छात्र अच्छे कॉलेजों का चुनाव करें। लेकिन परेशान करने वाली बात यह है, कि अच्छे कॉलेजों की तलाश अब इतनी आसान नहीं रही है। समझ नहीं आता की सदियों पुराने ऐसे सरकारी कॉलेजों में दाखिला लें जिनकी साख अच्छी हो और फीस भी कम अथवा तड़क-भड़क वाले उन प्राइवेट कॉलेजों को चुनें जो अपनी आधुनिक सुविधाओं का जमकर प्रचार कर रहे हैं। कई तरह के एंट्रेंस टेस्ट, नई - नई ब्रांच और दोहरी डिग्री जैसे विकल्प छात्रों की दुविधा को और बढ़ा देते हैं। इस स्थिति से बचने के लिए आप किसी करियर काउंसलर से भी विचार-विमर्श कर सकते हैं।
प्रमुख एंट्रेंस - कैट , मैट, जैट आदि।
प्रमुख संस्थान - आईआईएम, एएमयू, सिम्बिऑसिस,बीएचयू दिल्ली यूनिवर्सिटी आदि।
डॉ. वीपी सिंह भदौरिया कैरियर काउंसलर
यदि आपके पास Hindi में कोई article, inspirational story या जानकारी है जो आप हमारे साथ share करनाचाहते हैं तो कृपया उसे अपनी फोटो के साथ E-mail करें. हमारी Id है:facingverity@gmail.com.पसंद आने पर हम उसे आपके नाम और फोटो के साथ यहाँ PUBLISH करेंगे. Thanks!
Source – KalpatruExpress News Papper

बुधवार, 5 मार्च 2014

अनार की मिश्रित खेती से बढ़ती है आमदनी



कृषि अनुसंधानों में यह बात सामने आई है कि अगर किसान खरीफ की फसलों के साथ इंटरक्रॉपिंग सिस्टम में दूसरी फसलें भी उगाएं तो जमीन की उर्वरा शक्ति बेहतर रहती है। इससे ज्यादा आमदनी भी होगी।
कृषि वैज्ञानिक किसानों को मल्टी क्रॉपिंग यानी एक साथ दो या इससे अधिक फसलें उगाने की सलाह दे रहे हैं। इस कवायद का उद्देश्य परंपरागत खेती को बढ़ावा देना और जमीन की उर्वरा शक्ति को बढ़ाना है। वैसे भी अब तक के अनुसंधानों से यह साबित हो चुका है कि हर साल एक ही फसल की बुवाई घातक होती है।
इसके मद्देनजर खरीफ सीजन के दौरान दूसरी फसलों के साथ अनार की भी खेती की जा सकती है। इससे अतिरिक्त आमदनी का जरिया तो बनेगा ही, जमीन की उर्वरा शक्ति में भी सुधार होगा। साथ ही यह भी महत्त्वपूर्ण तथ्य है कि कास्तकारों के लिए खेती आज भी निश्चित आय का साधन नहीं बन पाया है। कभी मौसम की मार से पैदावार घट जाती है तो कभी अधिक उत्पादन के कारण बाजार में दाम जमीन पर पहुंच जाते हैं। ऐसे में थोड़ा व्यावसायिक नजरिया अपनाते हुए खेत के एक हिस्से में फलों के पौधे लगाना एक बेहतर सोच साबित हो सकती है। मसलन पांच हेक्टेयर के खेत में एक हेक्टेयर में फल के पौधे लगाकर कई सालों तक कमाई की जा सकती है। आगामी सीजन खरीफ का है और अनार के पौधों को अगस्त में लगाया जा सकता है। ऐसे में नई विधि के साथ अनार के पौधे लगाकर मुनाफा और बढ़ाया जा सकता है।
अनार की पैदावार अनार का पौधा तीन-चार साल में पेड़ बनकर फल देने लगता है और एक पेड़ करीब 25 वर्ष तक फल देता है। अब तक के अनुसंधान के मुताबिक प्रति हेक्टेयर उत्पादकता बढ़ाने के लिए अगर दो पौधों के बीच की दूरी को कम कर दिया जाए तो प्रति पेड़ पैदावार पर कोई असर नहीं पड़ता है। लेकिन ज्यादा पेड़ होने के कारण प्रति हेक्टेयर उत्पादन करीब डेढ़ गुना हो जाता है। परंपरागत तरीके से अनार के पौधों की रोपाई करने पर एक हेक्टेयर में 400 पौधे ही लग पाते हैं जबकि नए अनुसंधान के अनुसार पांच गुणा तीन मीटर में अनार के पौधों की रोपाई की जाए तो पौधों के फलने-फूलने पर कोई असर नहीं पड़ेगा और एक हेक्टेयर में छह सौ पौधे लगने से पैदावार डेढ़ गुना तक बढ़ जाएगी।
खाद का प्रयोग अनार के फल जुलाई-अगस्त में लेने के लिये जून माह में तीन वर्षीय पौधों में 150 ग्राम, चार वर्षीय पौधों में 200 ग्राम, पांच या अधिक वर्षीय पौधों में 250 ग्राम यूरिया प्रति पौधा देकर सिंचाई करें। छोटे पौधों में भी यूरिया इसी माह में दें। एक वर्षीय में 50 ग्राम व दो वर्षीय में 100 ग्राम यूरिया प्रति पौधा देकर सिंचाई करें। वैसे जुलाई-अगस्त में अनार की उपज भी अच्छी होती है तथा बाजार भी ठीक रहता है।
पौधे के रोपण का समय अनार के पौधों को लगाने का उपयुक्त समय भी अगस्त या फरवरी-मार्च होता है।
किसान अगस्त में अनार के पौधों की रोपाई करते हैं तो तीन-चार साल बाद पेड़ फल देना शुरू कर देंगे और एक बार किए गए निवेश का लाभ कई सालों तक मिलता रहेगा। अनार के पौधे लगाने में अनुसंधानकर्ताओं द्वारा खोजी गई नई विधि को काम में लाया जाए तो मुनाफा और बढ़ सकता है।
रोगों से बचाव का तरीका अनार के पौधों में फल छेदक और पौधों को सड़ाने वाले कीड़े लगने का खतरा रहता है। इसके लिए कीटनाशक के छिड़काव के साथ पौधे के आस-पास साफ-सफाई रखने से भी कीड़ों से बचाव होता है। अनार के पौधों के लिए गर्मियों का मौसम तो प्रतिकूल नहीं होता, लेकिन सर्दियों में पाले से पौधों को बचाने के लिए गंधक का तेजाब छिड़कते रहना जरूरी है। नियमित रूप से पानी देने से पाले से बचाव होने से पौधे जलने से बच जाते हैं। सर्दी के मौसम में फलों के फटने की आशंका ज्यादा होती है। पौधों का सर्दी से बचाव करके फलों को बचाया जा सकता है। इस तरह खरीफ में दूसरी फसल के साथ अनार के पौधे लगाकर किसान कमाई का एक अतिरिक्त जरिया तैयार कर सकता है।
एक पौधे से कितने फल एक सीजन में एक पौधे से लगभग 80 किलो फल मिलते हैं। इस हिसाब से बीच की दूरी कम करके पौधे लगाने से प्रति हेक्टेयर 4,800 कुंतल तक फल मिल जाते हैं। इस हिसाब से एक हेक्टेयर से आठ-दस लाख रुपये सालाना आय हो सकती है। लागत निकालने के बाद भी लाभ आकर्षक रहेगा। नई विधि को काम में लेने से खाद व उर्वरक की लागत में महज 15 से 20 फीसदी की बढ़ोतरी होती है जबकि पैदावार 50 फीसदी बढ़ने के अलावा दूसरे नुकसानों से भी बचाव होता है। पौधों के बीच की दूरी कम होने से माइक्रोक्लाइमेट के कारण तेज गर्मी और ठंडक दोनों से पौधों का बचाव होने के साथ बर्ड डैमेज यानी पक्षियों से फलों को होने वाला नुकसान भी कम हो जाता है। राजस्थान के कुछ किसानों ने इस विधि को अपनाकर देखा है। इसके बेहतर परिणाम मिले हैं। अनार के पौधों को लगाने का सही समय अगस्त या फरवरी-मार्च होता है। ऐसे में खरीफ सीजन के दौरान अगस्त में अनार के पौधों की रोपाई करते हैं तो तीन-चार साल बाद पेड़ों पर फल देना शुरू कर देंगे और एक बार निवेश का लाभ कई सालों तक मिलता रहेगा।
पौधों में दूरी प्रति हेक्टेयर उत्पादकता बढ़ाने के लिए अगर दो पौधों के बीच की दूरी को कम कर दिया जाए तो पौधों की बढ़वार पर कोई असर नहीं पड़ेगा और उपज भी करीब डेढ़ गुना बढ़ जाएगी। अनार का एक पौधा पांच मीटर लंबे व इतने ही चौड़े भूमि के हिस्से में लगाया जाता है। पौधों के बीच की दूरी कम होने से माइक्रोक्लाइमेट के कारण तेज गर्मी और ठंडक दोनों से पौधों का बचाव होने के साथ बर्ड डैमेज यानी पक्षियों से फलों को होने वाला नुकसान भी कम हो जाता है। गर्मियों में पक्षियों से छोटे पौधों को बचाने की जरूरत होती है। पौधे जब करीब डेढ़ फुट तक ऊंचे हों तो उन्हें नेट से ढकना चाहिए। परंपरागत तरीके से अनार के पौधों की रोपाई करने पर एक हेक्टेयर में 400 पौधे ही लग पाते हैं जबकि नए अनुसंधान के अनुसार पांच गुणा तीन मीटर में अनार के पौधे की रोपाई की जाएं तो पौधों के फलने-फूलने पर कोई असर नहीं पड़ेगा और एक हेक्टेयर में छह सौ पौधे लगने से उपज डेढ़ गुना तक बढ़ जाएगी। एक सीजन में एक पौधे से लगभग 80 किलो फल मिलते हैं। इस हिसाब से परंपरागत तरीके से अनार की खेती करने पर एक हेक्टेयर में 3200 कुंतल ही अनार उत्पादन हो पाएगा जबकि बीच की दूरी कम कर पौधे लगाने से प्रति हेक्टेयर उपज बढ़कर 4,800 कुंतल हो जाएगी।
यदि आपके पास Hindi में कोई article, inspirational story या जानकारी है जो आप हमारे साथ share करनाचाहते हैं तो कृपया उसे अपनी फोटो के साथ E-mail करें. हमारी Id है:facingverity@gmail.com.पसंद आने पर हम उसे आपके नाम और फोटो के साथ यहाँ PUBLISH करेंगे. Thanks!
Source – KalpatruExpress News Papper

जानें याक के बारे में


तिब्बत के ठंडे तथा वीरान पठार, नेपाल और भारत के कुछ उत्तरी इलाकों में याक आठदस हजार फीट की ऊंचाई पर पाया जाता है। यह काला, भूरा, सफेद या धब्बेदार हो सकता है। याक का शरीर घने, लम्बे और खुरदरे बालों से ढका रहता है। जाड़े के मौसम में ये बाल और अधिक घने तथा लम्बे हो जाते हैं, इस कारण वह तिब्बत के विषम जाड़े में, शून्य से 40 डिग्री से भी कम तापमान में, आराम के साथ बाहर रह जाता है। वयस्क याक 6 फुट तक ऊ ंचा होता है और उसका वजन एक टन तक हो सकता है। याक उस घास पर जीवित रहते हैं, और बड़े चाव से खाते हैं, जिसे अन्य पशु देखना तक नहीं चाहते हैं।
जब पहाड़ी ढाल पर घनी बर्फ जमी होती है, तो वह अपने नुकीले सींगों से दबी घास के ऊपर की बर्फ़ को हटाकर घास खोज लेता है और जाड़े के मौसम में जब पानी जम जाता है तो वह बर्फ़ खाकर अपनी प्यास बुझता है।
इस प्रकार कठिन परिस्थितियों में भी वह मजे से जीवन निर्वाह करता है। याक तिब्बत निवासियों का मुख्य धन है। उसकी खाल से वे अपने लिए ऊनी वस्त्र बनाते हैं। याक के बाल से स्त्रियां तम्बुओं के लिए कपड़े तैयार करती हैं। इसके बाल की रस्सियां बहुत मजबूत होती है। बोझ ढोने के अतिरिक्त याक तिब्बत वासियों को दूध, मक्खन, पनीर, शिकार, चमड़ा, ऊन तथा गोबर देता है जिनका उपयोग आग तापने व भोजन बनाने में किया जाता हैं।
प्रकृति ने उसे यह जानने की शक्ति दी है कि किसी बर्फ की जमी हुई सतह उसके भार को सहन कर सकेगी या नहीं। शंकित यात्री ऐसे स्थल के विषय में निश्चिंत होने के लिए याक को अपने आगे ही रखते हैं। घोड़े के समान याक भी कभी रास्ता नहीं भूलता है, उसे उत्तम दिशा का ज्ञान होता है।
देवस्थलों में पूजा के समय मूर्तियों के सम्मुख हिलाया जाने वाला चंवर याक की ही दुम के बालों से बनाए जाता है, याक को उत्तराखंड में चंवरी गाय कहते हैं। सफेद चंवर सर्वोत्तम माना जाता है। इस पर हिन्दू सोने या चांदी का मुठ्ठा चढ़ा देते हैं, जो देवस्थल तथा उत्सवों की शोभा बढ़ाने के लिए हिलाया- डुलाया जाता है।
यदि आपके पास Hindi में कोई article, inspirational story या जानकारी है जो आप हमारे साथ share करनाचाहते हैं तो कृपया उसे अपनी फोटो के साथ E-mail करें. हमारी Id है:facingverity@gmail.com.पसंद आने पर हम उसे आपके नाम और फोटो के साथ यहाँ PUBLISH करेंगे. Thanks!
Source – KalpatruExpress News Papper